Was Divyanka Tripathi offered the role of Dayaben? Actress told the truth

क्या दिव्यांका त्रिपाठी को ऑफर हुआ था ‘दयाबेन’ का रोल? एक्ट्रेस ने बताई सच्चाई

टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ शो में दयाबेन के रोल को लेकर चर्चा में हैं। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ टीवी के मशहूर शोज में से एक है। शो में दयाबेन का किरदार दिशा वकानी ने निभाया। उन्होंने सालों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। दिशा ने मैटरनिटी लीव के बाद इस शो को फिर से ज्वॉइन नहीं किया। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो टीवी का सबसे चर्चित शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में दयाबेन का रोल दिव्यांका त्रिपाठी को ऑफर हुआ था। लेकिन उन्होंने ये रोल करने से मना कर दिया था। अब इन खबरों में कितनी सच्चाई है इस पर एक्ट्रेस ने खुद प्रतिक्रिया दी है।

महज एक अफवाह है- दिव्यांका

दिव्यांका ने ऐसे किसी भी ऑफर से मना कर दिया और इसे महज अफवाह बताया। मीडिया से बातचीत में दिव्यांका ने कहा कि ‘यह एक शानदार शो है और इसकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं इसे करने के लिए उत्सुक होऊंगी। मैं फ्रेश कॉन्सेप्ट और नई चुनौतियों को देख रही हूं।‘ अभिनेत्री ने आगे कहा कि ‘इस तरह की अफवाहें ज्यादातर निराधार और बगैर किसी तथ्य के होती हैं।‘

दिशा वकानी ने ली थी मैटरनिटी लीव

दयाबेन का किरदार निभाने वाली दिशा वकानी दोबारा इस शो में वापसी करेंगी या नहीं, इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, दिशा ने 2017 में मैटरनिटी लीव के लिए शो से ब्रेक लिया था।इसके बाद से वो शो में वापस नहीं आई। दयाबेन की भूमिका में दिशा ने अपने आप को एक अलग अवतार में पेश किया है।

इस शो में आएंगी नजर दिव्यांका

दिव्यांका जल्द ही ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 11 में नजर आएंगी। शो की शूटिंग खत्म हो चुकी है। यह सीजन भी रोहित शेट्टी होस्ट कर रहे हैं। दिव्यांका के अलावा शो में बतौर कंटेस्टेंट श्वेता तिवारी, विशाल आदित्य सिंह, अभिनव शुक्ला, राहुल वैद्य, अर्जुन बिजलानी, निक्की तंबोली और वरुण सूद सहित अन्य हैं।

हाल ही में ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ का प्रोमो रिलीज हुआ। प्रोमो में दिव्यांका त्रिपाठी मगरमच्छ को गोद में लेकर बैठा नजर आ रही हैं। इतना ही नहीं दिव्यांका त्रिपाठी तो इस मगरमच्छ को सुलाने के लिए लोरी भी सुना रही हैं।

Scroll to Top