नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आज दिल्ली के 3 बॉर्डर सिंघु, टिकरी और गाजीपुर से आज 12 बजे से ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने खुद ही बैरिकेड तोड़ना शुरू कर दिया। लोनी तिराहे पर भी इसी तरह विवाद और धक्का-मुक्की देखने को मिली। किसान आगे बढ़ गए हैं। किसान दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह से पहले घुसने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों ने सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और धंसा बॉर्डर पर ट्रैक्टर मार्च शुरू कर दिया है। दो संगठनों ने सुबह ही ट्रैक्टर मार्च शुरू करने की घोषणा की थी, ये उसी के सदस्य हैं। सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने जो ट्रक खड़े किए थे, किसानों ने उन्हें ट्रैक्टरों से धकेल कर हटा दिया। कंटेनर भी ट्रैक्टर से बांधकर हटा दिए। सिंघु और टीकरी बॉर्डर से किसान के जत्थे पैदल भी मार्च कर रहे हैं।
लाइव अपडेट्स…
- गाजीपुर बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली शुरू हो गई है। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि हमें एक रूट दिया गया है, हम उसी रूट से जा रहे हैं। आंदोलन खत्म नहीं होगा। नियमों का पूरा पालन किया जाएगा।
- गाजीपुर सीमा पर किसान ट्रैक्टर परेड कर रहे हैं। वे गाजीपुर सीमा-अप्सरा सीमा-हापुड़ रोड-आईएमएस कॉलेज-लाल कुआं-गाजीपुर सीमा रूट पर रैली कर रहे हैं।
- ट्रैक्टर रैली कर रहे किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने बैरिकेड तोड़ दिए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े है। इसके साथ ही लाठीचार्ज किया है।
- ट्रैक्टर परेड के दौरान गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसानों का एक जत्था बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ा।
- फरीदाबाद में पुलिस के बैरिकेड तोड़कर किसान ट्रैक्टर रैली दिल्ली के लिए रवाना हुई। टकराव की आशंका।
- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर गलत दिशा से दिल्ली में घुसे हजारों किसान अक्षरधाम की तरफ बढ़ रहे हैं।
- दिल्ली के स्वरूप नगर में स्थानीय लोगों ने किसानों पर उनकी ट्रैक्टर रैली के दौरान फूलों की बौछार की.
- ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली कूच कर रहे किसान आनंद विहार अंडरपास पर पहुंचे। किसानों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
- यूपी गेट बॉर्डर पर किसानों का भारी हुजूम है। ट्रैक्टरों की कई किलोमीटर तक लाइन लगी हुई है। किसान कई गुट में बंटे हुए हैं। ट्रैक्टरों को जिस तरफ रास्ता मिल रहा है, वो उधर की तरफ चल रहे हैं।
- ट्रैक्टर रैली सिंघु बॉर्डर से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची। गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट। किसानों ने बॉर्डर पर बैरिकेड्स तोड़े।
- फरीदाबाद में नेशनल हाईवे पर झाड़सेंतली के पास पुलिस ने भारी वाहन रोके। नेशनल हाईवे पर सोफ्ता के पास फरीदाबाद-पलवल सीमा पर पुलिस ने हाईवे पर ट्रक लगाकर रोका रास्ता, लंबा जाम लगा।
- सिंघु बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची। रैली डीटीयू-शाहबाद-एसबी डेयरी-दरवाला-बवाना टी-पॉइंट- कंझावला चौक-खरखौदा टोल प्लाजा की ओर जाएगी।
- गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
- केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर से भी किसानों की ट्रैक्टर रैली शुरू हो चुकी है।
- बागपत शामली की तरफ से आ रहे किसानों के ट्रैक्टरों को लोनी पुलिस ने लोनी तिराहे पर रोकने का प्रयास किया। अधिकारी ट्रैक्टरों को टीला मोड होते हुए यूपी गेट भेजने का प्रयास कर रहे थे लेकिन किसान सीधा बॉर्डर पर जाने की जिद पर अड़े थे। करीब 2 घंटे की जद्दोजहद के बाद किसानों को सीधा दिल्ली बॉर्डर जाने दिया गया। दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगा रखे थे जिन को तोड़कर किसान दिल्ली सीमा में प्रवेश कर गए।
- आंदोलन कर रहे किसानों ने टिकरी बॉर्डर पर बैरिडेड्स तोड़ दिए। ट्रैक्टर रैली सिंघू सीमा से SGT नगर पहुंच गई है।
- पुलिस ने किसान संगठनों को कहा था कि वह दोपहर 11.30 बजे के बाद दिल्ली में दाखिल हों, पुलिस ने कहा था कि सिर्फ 5,000 ट्रैक्टर रैली में हिस्सा लेंगे। साथ ही कुल पांच हजार लोग ही इस रैली में भाग ले पाएंगे। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि सभी किसान कोविड के नियमों का पालन करेंगे।
- मीडिया रिपोर्टर्स के मुताबिक, किसानों ने गणतंत्र दिवस समारोह से पहले ही दिल्ली में घुसने की कोशिश की है। सुबह-सुबह सिंघु बॉर्डर पर बैरिकेट्स तोड़ दिए। वहीं, लोनी सीमा पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने रात में ही दिल्ली में घुसने की कोशिश की।
- मंगलवार को होने वाली ट्रैक्टर परेड में मुख्य आकर्षण ‘झांकी’ होंगी जिसमें सबसे आगे ट्रॉली में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब होंगे।
- ट्रैक्टर परेड में शामिल होने वाले वाहनों को फूलों से सजाया गया। उनके दोनों ओर सिख नेताओं जैसे शहीद बाबा दीप सिंह, बाबा बंदा सिंह बहादुर और गुरु तेग बहादुर के पोस्टर लगाए गए हैं। सिंघू बार्डर पर मौजूद स्वयंसेवक जरनैल सिंह ने कहा- गुरु ग्रंथ साहिब वाले पवित्र वाहन के पीछे लोग पैदल चलेंगे और उनके पीछे ट्रैक्टर होंगे।
- ऑल इंडिया किसान सभा (पंजाब) के सहायक सचिव कश्मीर सिंह के मुताबिक सरकार ने तीन मार्ग प्रस्तावित किए हैं जिन पर ‘ पूरी तरह से शांतिपूर्ण परेड’ के दौरान ट्रैक्टर चलेंगे। उन्होंने कहा- रैली दिखाएगी कि भारत के किसान क्या कर सकते हैं। इसमें सभी राज्यों की ‘झांकी’ होगी जो किसानों की दशा दिखाएगी। जय किसान आंदोलन (स्वराज अभियान) के प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होने की संभावना है और इसके 10 से 12 घंटे तक चलने की उम्मीद है।
- इससे पहले किसानों ने परेड के लिए ट्रैक्टरों को साफ कर चमकाया है। तिरंगे और बैनर लगाए गए हैं। गणतंत्र दिवस समारोह और किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर राजपथ और राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर हजारों सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
- ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसान लगातार दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं। किसानों की ट्रैक्टर परेड चिल्ला बॉर्डर से भी निकलेगी।
ये है ट्रैक्टर रैली की समय सारणी
जय किसान आंदोलन (स्वराज अभियान) के प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होने की संभावना है और इसके 10 से 12 घंटे तक चलने की उम्मीद है। कुछ ट्रैक्टर आंदोलन के दौरान मरने वाले किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। संगरुर के किसान परिवार से संबंध रखने वाले कलाकार परमिंदर सिंह अपनी एक पेंटिंग के जरिये किसानों के साथ एकजुटता प्रकट करेंगे, इस तस्वीर में किसान के गले में काला सांप लिपटा हुआ दिखाई दे रहा है जो तीन कृषि कानूनों का प्रतिनिधित्व करता है।