मुंबई। कोरोना की नई लहर ने बॉलीवुड के दो सितारों को अपनी चपेट में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक डायरेक्टर संजय लीली भंसाली और रणबीर कपूर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं आलिया भट्ट ने खुद को सेल्फ क्वारेंटाइन कर लिया है। कोरोना के कारण गंगूबाई काठियावाड़ी और ब्रह्मास्त्र दोनों की शूटिंग रुक गई है। रणबीर कपूर ब्रह्मास्त्र की शूटिंग कर रहे हैं, वहीं आलिया गंगूबाई काठियावाड़ी में काम कर रही हैं। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने मंगलवार को कोरोना की वैक्सीन लगवाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो शेयर किया। इसमें वे वैक्सीनेशन से पहले ओम नम: शिवाय का जाप करते दिख रहे हैं।
रणबीर कपूर के पॉजिटिव होने की खबर उनकी मां नीतू सिंह ने दी है। उन्होेंने सोशल मीडिया पर कहा- रणबीर का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। उसका इलाज चल रहा है और वो ठीक हो रहा है। वो घर में ही सेल्फ क्वारेंटाइन है और सभी सावधानियों का पालन कर रहा है। भंसाली ने टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को होम क्वारेंटाइन कर लिया है। संजय के एक करीबी ने कहा है कि उनके संपर्क में आए सभी लोग अपना टेस्ट करवा लें। संजय की मां लीला भंसाली ने भी बेटे के पॉजीटिव आने के बाद अपना टेस्ट करवाया। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इससे पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।