Pre-monsoon activity changed the weather of the city, increased humidity, monsoon will enter around June 20

प्री मानसून एक्टिविटी ने बदला शहर का मौसम, बढ़ी उमस, 20 जून के आस पास होगी मानसून की एंट्री

भोपाल | क्या राजधानी में मानसून समय पर आएगा ? यह एक बड़ा सवाल है क्योंकि इस समय केरल की दहलीज पर मानसून पहुंच चुका है। भोपाल में मानसून की एंट्री 20 जून के आसपास होने की उम्मीद है। केरल पहुंचने के बाद मानसून की रफ्तार पर मौसम विभाग की नजर रहेगी। जबलपुर संभाग और इंदौर संभाग के इलाकों से यह प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इस समय प्री मानसून एक्टिविटी के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो रही है लेकिन जहां पर बारिश नहीं हो रही है वहां पर तापमान धीरे धीरे बढ़ रहा है। इससे माहौल में उमस और बैचेनी बहुत बढ़ गई है।

अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। शाम को तेज हवाओं के चलने से शहर के कुछ हिस्सों में लाइट शॉवर हो सकता है। गुजरात से आ रही हवाओं में नमी के कारण यहां आद्रता का प्रतिशत 59 हो गया है। लेकिन मानसून के नहीं आने उमस और बैचेनी का दौर चलता रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 40 के फिर पार चला गया है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री के करीब होने के कारण रातें गर्म हो रही हैं।

Scroll to Top