I will not kneel before farmers a thousand times they are my God: Shivraj

किसानों के सामने एक नहीं, हजार बार घुटने टेकूंगा, वे मेरे भगवान हैं : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि मैं किसानों को दोनों हाथ जोड़कर और शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं तो उन्हें (कांग्रेस) तकलीफ होती है। मैं उन्हें कहना चाहता हूं। ये भाजपा है। मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। किसानों के सामने एक नहीं, हजार बार घुटने टेकूंगा, प्रणाम करूंगा, नमन करूंगा। 18 दिसंबर को किसानों को राहत के लिए उनके बैंक खातों में 1,600 करोड़ रुपए डालूंगा। सीएम मंगलवार को भोपाल और नर्मदापुरम् संभाग के किसानों को भेल दशहरा मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने तीनों कृषि कानूनों की बारीकियां बतार्इं। दोनों संभागों के भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। सीएम ने कृषि कानूनों को लेकर किसानों को भ्रमित करने के लिए कांग्रेस, वामपंथी और पूर्व सीएम कमल नाथ पर जमकर हमले किए। शिवराज ने किसानों को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार उनके साथ खड़ी है। तीनों कानूनों के फायदे बताने के बाद उन्होंने किसानों से पूछा कि इनसे उन्हें फायदा होगा कि नहीं।

किसानों को मूल्य तय करने का अधिकार:वीडी

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को अपनी फसलों का मूल्य तय करने का अधिकार दिया है। पहले इन फसलों का मूल्य तय करने का अधिकार किसानों को था। उन्होंने विपक्ष पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि तीनों कानूनों के लागू होने के बाद अब हमारा किसान एमएसपी पर नहीं, बल्कि एमआरपी पर अपना अनाज बेचेगा।

Scroll to Top