मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर गायक हिमेश रेशमिया आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। 23 जुलाई, 1973 को गुजराती संगीत निर्देशक विपिन रेशमिया के घर में उनका जन्म हुआ था। हिमेश सिंगर, म्यूजिक कंपोजर होने के साथ ही फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं। हिमेश बॉलीवुड इंडस्ट्री के ऐसे पहले सिंगर हैं जिन्हें उनके पहले गाने के लिए फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू सिंगर अवॉर्ड से नवाजा गया था।
पिता की इच्छा को पूरा करने के लिए बने गायक
‘आशिक बनाया आपने’, ‘झलक दिखला जा’ जैसे सुपरहिट गीत गाने वाले हिमेश सिर्फ पिता की इच्छा को पूरा करने के लिए गायक बने हैं। हिमेश पिछले कुछ सालों में रियलिटी शोज में भी खूब नजर आए हैं। वह हमेशा नए टैलेंट को मौका देते हैं। कई सारे नए गायकों के लिए वे आदर्श भी हैं।
‘प्यार किया तो डरना क्या’ से की थी शुरुआत
हिमेश ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे के शोज को प्रोड्यूस करके की थी। उन्होंने कई टीवी शोज के टाइटल ट्रैक को कंपोज किया था और उसके बाद सलमान खान की सुपरहिट फिल्म प्यार किया तो डरना क्या से उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक मिला। उन्होंने सलमान की फिल्म बंधन, हैलो ब्रदर, दुल्हन हम ले जाएंगे और तेरे नाम के गानों में संगीत दिया था। लेकिन उन्हें असली पहचान फिल्म तेरे नाम और आशिक बनाया आपने के बाद मिली।
पहले एल्बम से ही कर दिया था धमाल
हिमेश का पहला एल्बम ‘आप का सुरूर’ था।आज भी इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री के इतिहास में ये सबसे ज्यादा बिकने वाला एल्बम माना जाता है। हिमेश ‘आपका सुरूर’ की शूटिंग के लिए जर्मनी में भारतीय ऑटो लेकर गए थे। ऑटो चलाने के लिए ड्राइवर को भी वो यहीं से ले गए थे। इस काम को करने में उनका करीब 75 लाख का खर्चा हुआ था और उनके इस फैसले की वजह से जर्मनी के इतिहास में पहली बार वहां की सड़कों पर भारतीय ऑटो चले थे।
जॉर्डन में शूट हुई फिल्म
हिमेश ने लंदन के वेंबले स्टेडियम में प्रस्तुति दी है और ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय हैं। उनकी फिल्म ‘कजरारे’ को जॉर्डन के ऐतिहासिक शहर पेट्रा में शूट किया गया था। इससे पहले यहां कोई भारतीय फिल्म कभी शूट नहीं हुई थी।
लॉकडाउन में किया था कमाल
हाल ही में हिमेश रेशमिया ने खुद से खुलासा किया था कि लॉकडाउन में घर में रहते हुए उन्होंने 300 नए गाने कंपोज कर दिए। एक साक्षात्कार में सिंगर ने कहा था कि एक बड़े प्रोजेक्ट के तहत 700 सॉन्ग्स कंपोज किए हैं जिनमें से लॉकडाउन में ही मैंने 300 नए गाने कंपोज कर दिए।
2018 में की दूसरी शादी
हिमेश रेशमिया ने 11 मई, 2018 को टीवी की मशहूर सोनिया कपूर के साथ शादी की है। यह हिमेश रेशमिया की दूसरी शादी है। उन्होंने पहली पत्नी कोमल से शादी के 22 साल बाद 2017 में तलाक ले लिया था। दोनों ने आपसी रजामंदी से तलाक लिया था।