Haiti President Jovenel Mousse shot dead, wife injured in attack

हैती के प्रेसीडेंट जोवेनेल मौसे की गोली मारकर हत्या, हमले में पत्नी भी घायल

पोर्ट-अऊ-प्रिंस। हैती में राष्ट्रपति जोवेनेल मौसे (53) की मंगलवार रात उनके निजी आवास में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में पत्नी मार्टिनी मौसे गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी हैती के अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने दी है। उन्होंने घटना को घृणास्पद, अमानवीय और बर्बर करार दिया है। राष्ट्रपति की हत्या के बाद हालात पर नियंत्रण के लिए नेशनल पैलेस और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

ज्यादातर दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद
राजधानी पोर्ट-अऊ-प्रिंस में ज्यादातर दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। कुछ जगह तोड़फोड़ होने की खबर है। वैसे एक करोड़ दस लाख की आबादी वाले इस कैरेबियाई देश में लंबे समय तक अशांति रही है। हिंसा के चलते देश में गरीबी और भुखमरी की समस्या रही है। 2010 में आए भूकंप और 2016 में आए समुद्री तूफान मैथ्यू की वजह से हालात और बिगड़ गए। देश की 60 प्रतिशत आबादी की आमदनी दो डॉलर (करीब 150 रुपये) से कम है।

क्लाउड जोसेफ ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की
क्लाउड जोसेफ ने कहा कि कि देश की प्रथम महिला को भी गोली मारी गई है, लेकिन इस हमले में उनकी जान बच गई है। उन्होंने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। जोसेफ ने इसे एक घिनौना और अमानवीय कृत्य करार दिया है। उन्होंने देश की जनता से अपील की है कि वह अपना संयम बनाए रखे। जोसेफ ने कहा है कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तरह के उपाय किए गए हैं। लोकतंत्र की जीत होगी।

फरवरी में हैती में तख्तापलट की साजिश हुई थी
बता दें कि म्यांमार के बाद फरवरी में एक और देश हैती में तख्तापलट की साजिश हुई थी। यहां के राष्ट्रपति जोवेनेल मौसे ने यह दावा किया था। उस वक्त पुलिस ने 20 से अधिक ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि वह उनकी हत्या करना चाहते थे और फिर देश में तख्तापलट करने की कोशिश में जुटे हुए थे। राष्ट्रपति जोवेनेल ने दावा किया था कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का आरोप है और ये सभी लोग उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि गिरफ्तार लोगों में सुप्रीम कोर्ट के एक जज भी शामिल हैं, जिन्हें विपक्षी नेताओं का समर्थन प्राप्त है।

Scroll to Top