Gwalior: Sho found in flat with girl wife rushed to police commotion as soon as door opened Read the whole event

ग्वालियर: लड़की के साथ फ्लैट में मिला थानेदार, पत्नी पुलिस को लेकर पहुंची, दरवाजा खोलते ही हंगामा; पढ़ें पूरी घटना

ग्वालियर। शहर के मुरार इलाके में एक थानेदार को उसी की पत्नी ने लड़की के साथ फ्लैट में पकड़ा है। मौके पर जमकर हंगामा हो गया। थानेदार की पत्नी अपने साथ पुलिस और मायकेवालों को लेकर पहुंची थी। उसे किसी ने सूचना दी थी कि पति यहां अर्पाटमेंट में एक लड़की को लेकर आया है। फिलहाल, पूछताछ में युवती ने थानेदार को पहचानने से ही इंकार कर दिया। जबकि थानेदार का कहना था कि लड़की हमारी परिचित है। वह मिलने के लिए आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पकड़ा गया सब इंस्पेक्टर सबलगढ़ के बमसोरी रामपुर थाना का इंचार्ज बताया जाता है।

उपनिरीक्षक सुनील बानोरिया गुरुवार को घर से किसी काम से बाहर जाने की कहकर निकला। इस बीच, पत्नी कंचन को सूचना मिली कि पति सुनील मुरार इलाके में गर्ल्स कॉलेज के सामने महालक्ष्मी अपार्टमेंट के फ्लैट में एक लड़की के साथ है। चूंकि कंचन को सुनील पर पहले से ही संदेह था। इसलिए बिना देर किए वह अपने भाई, पिता और अन्य मायके वालों को लेकर फ्लैट के बाहर पहुंच गई। कंचन को दरवाजे पर देखकर सुनील की हालत खराब हो गई। किसी तरह उसने दरवाजा खोला। कंचन ने जब तलाशी ली तो बाथरूम में एक लड़की मिली। इसके बाद उसने और परिजन ने हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि पहले लड़की से पूछताछ की, इसके बाद उसकी पिटाई भी की गई। साथ ही डायल 100 पुलिस को बुला लिया। दोनों पक्षों को थाना ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पत्नी कंचन ने सुनील से लड़की के साथ होने के बारे में पूछा तो उसका कहना था कि मैं तो कार्यक्रम में आया था। यह पहचान की है, इसलिए मिलने चली आई। इधर, लड़की ने सुनील को पहचानने या उससे कोई वास्ता नहीं होने की बात से ही इंकार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सुनील की 3 साल पहले जून 2017 में कंचन के साथ शादी हुई थी। डेढ़ साल की बेटी भी है। परिजन बताते हैं कि सुनील कुछ समय से लगातार लड़की से चोरी-छिपे मिल रहा था। पत्नी कभी संदेह करती थी तो वह बहाना बनाकर बच जाता था। इस बार पत्नी ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया है।

Scroll to Top