Gold 188, silver 342 due to heavy fall in rupee. Climbed

रुपए में भारी गिरावट आने से सोना 188 , चांदी 342 रु. चढ़ी

नई दिल्ली। रुपए की विनिमय दर में गिरावट के बीच दिल्ली सराफा बाजार में बुधवार को सोना 188 रु. बढ़कर 51,220 रु. प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,032 रु. प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 342 रु. की तेजी के साथ 62,712 रु. प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 62,370 रु. प्रति किलो रहा था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक तपन पटेल ने कहा, ‘रुपए के मूल्य में भारी गिरावट आने से दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 188 रु. ऊंचा रहा। रुपया, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 16 पैसे की गिरावट के साथ 73.87 रु. प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस गिरावट का कारण घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली होने के साथ-साथ अमेरिकी मु्रदा का मजबूत होना था जिसकी वजह से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोना मामूली गिरावट के साथ 1,906.70 डॉलर प्रति औंस रहा जबकि चांदी 24.45 डॉलर प्रति औंस पर अपरिवर्तित रही।

Scroll to Top