लॉस एंजिलिस। ब्रिटेन के राजकुमार ‘ड्यूक आफ़ ससेक्स’ हैरी और उनकी पत्नी ‘डचेस आफ़ ससेक्स’ मेगन मर्केल ने टीवी आर्टिस्ट ओपरा विनफ्रे को दिए साक्षात्कार में अपने बेटे के रंग, शाही सुरक्षा खोने और अदाकारा के मन में आत्महत्या करने जैसे ख्याल आने पर खुलकर बात की है। यह साक्षात्कार रविवार को प्रसारित हुआ। शाही कर्तव्य छोड़ने के बाद दंपत्ति ने सभी विवादों पर पहली बार खुलकर बात की। हैरी ने ओपरा विनफ्रे को बताया कि वह शाही जिंदगी में एक कैदी की तरह महसूस कर रहे थे और पिछले साल वित्तीय रूप से अलग किए जाने तथा अपनी सुरक्षा खोने के बाद उन्हें एक बड़ा झटका लगा। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि उनके परिवार ने मेगन का साथ नहीं दिया। वहीं, दो नस्लों से ताल्लुक रखने वाली मेगन ने बताया कि वह जब पहली बार गर्भवती हुईं तो, इस बात को लेकर काफी चिंता व्यक्त की गई कि उनके बेटे का रंग कैसा होगा। दंपत्ति ने यह भी बताया कि उनके घर एक बेटी जन्म लेने वाली है।
महारानी को धक्का लगने वाली बात बिलकुल गलत
हैरी ने उनके व मेगन के शाही कर्तव्य छोड़ने के फैसले से दादी एलिजाबेथ द्वितीय को धक्का पहुंचाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा, कई बार बातचीत करने के बाद यह कदम उठाया। उन्होंने कहा, मैंने दादी को कोई झटका नहीं दिया। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं। वहीं मेगन ने कहा, महारानी का व्यवहार मेरे साथ हमेशा अच्छा था। मेगन ने बताया, उन्हें आत्महत्या करने जैसे ख्याल आने लगे थे और उन्होंने पैलेस के मानव संसाधन विभाग से इस संबंध में मदद मांगी, लेकिन उन्होंने कहा, वह कुछ नहीं कर सकते।
बेटे को लेकर चिंतित थीं महारानी
एलिजाबेथ मेगन ने बताया, वह अपने बेटे को लेकर चिंतित थीं, क्योंकि उनके पास शाही पदवी नहीं होने का मतलब था कि उसे सुरक्षा भी मुहैया नहीं कराई जाएगी। मेगन ने नम आंखों से कहा, गर्भवती होने के समय यह सहना बेहद मुश्किल था। प्रिंस की पदवी से अधिक मुझे मेरे बेटे की सुरक्षा की चिंता थी। बता दें कि हैरी और मेगन ने मई 2018 में विंडसर कैसल में शादी की थी। उनके बेटे आर्ची का जन्म 2019 में हुआ था
अपनी पत्नी के बिना नहीं छोड़ सकता था शाही परिवार: हैरी हैरी ने कहा, संतान के तौर पर पहले एक बेटा और फिर एक बेटी पाना, इससे अधिक आप क्या चाह सकते हैं? अब हम एक परिवार हैं। हैरी ने एक सवाल के जवाब में कहा, अपनी पत्नी के बिना वह शाही परिवार को नहीं छोड़ पाते। उन्होंने कहा, मैं फंसा हुआ था, लेकिन मुझे पता नहीं था कि मैं फंसा हुआ हूं। मेरे पिता व भाई भी फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया, उनके अपने पिता प्रिंस चार्ल्स के बाद शाही गद्दी के उत्तराधिकारी एवं उनके भाई विलियम के साथ करीबी संबंध नहीं हैं।