भोपाल। राजधानी में चेतक ब्रिज के पास मंगलवार रात फैमिली पार्टी के दौरान देवर और भाभी ने नशे के लिए सैनिटाइजर पी लिया। बुधवार सुबह दोनों की मौत हो गई। एक ही हालत गंभीर है। घटना कारगिल झुग्गी बस्ती की है।
गोविंदपुरा थाने के एएसआइ रामसजीवन वर्मा के अनुसार, झुग्गी बस्ती में मंगलवार रात पार्टी थी। इसमें परिवार के अधिकांश लोग शामिल थे। इसी दौरान 16 साल का धर्मेंद्र आदिवासी, उसकी 22 साल की भाभी अरुणा आदिवासी और एक रिश्तेदार ने सैनिटाइजर पी लिया। वह कुछ देर तक तो ठीक थे लेकिन अचानक रात में उनकी तबीयत बिगड़ गई। धर्मेंद्र को जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत देखकर हमीदिया अस्पताल रेफर किया। उसे डाक्टरों ने जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी भाभी अरुणा की हालत भी खराब हो गई, उसे भी जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एक अन्य रिश्तेदार का अभी इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सैनिटाइजर में अल्कोहल होने की जानकारी लगने पर इन्होंने इसे पीया था।