Donation of 100 crores in two days for construction of Ram temple know who gave the highest donation

राम मंदिर निर्माण के लिए दो दिन में 100 करोड़ का दान, जानिए किसने सबसे ज्यादा चंदा दिया

नई दिल्ली। राम मंदिर निर्माण के लिए दान राशि देने को लेकर लोगों में उत्सुकता देखने को मिल रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंदिर निर्माण के लिए दो दिनों में 100 करोड़ का दान मिल चुका है। राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि हमें कार्यकर्ताओं के जरिए इस बात की जानकारी मिली है। हालांकि, यह जानकारी अभी मुख्यालय तक नहीं पहुंची है।

मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से चंदे के बारे में राय ने कहा- इसमें कुछ गलत नहीं है। वह भारतीय हैं और भारत की आत्मा राम हैं। इसलिए हर सक्षम व्यक्ति इस महान कार्य में योगदान दे सकता है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण के लिए योगदान अभियान चला रहा है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। अभियान की शुरुआत में मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 5,00,100 रुपए दान दिया। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के परिवार ने भी 5,11,116 रुपए राशि दान दी।

राय ने यह भी बताया कि राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। करीब 39 महीने में निर्माण कार्य पूरा होगा। मंदिर का निर्माण भारत की प्राचीन और पारंपरिक निर्माण तकनीक के आधार पर किया जाएगा। इसे इस तरह से बनाया जाएगा, जिससे भूकंप, तूफान और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का यह सामना कर सके।

गुजरात के ढोलकिया ने 11 करोड़ रुपए दान दिया
गुजरात के सूरत में दान देने वालों में होड़ लगी है। यहां पहले ही दिन 17 करोड़ रुपए का दान मिला। इसमें हीरा कारोबारी गोविंद ढोलकिया ने सबसे ज्यादा 11 करोड़ दिए हैं। विहिप ने ढोलकिया को  राम मंदिर निधि समर्पण समिति का गुजरात शाखा का अध्यक्ष भी बनाया है। इसके अलावा, रायबरेली जिले के बैसवाड़ा के तेजगांव के पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह ने विहिप के उपाध्यक्ष एवं राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को 1,11,11,111 रुपए का चेक दिया।

राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास ने मंदिर निर्माण के लिए धन एकत्रित करने के लिए विहिप को अधिकृत किया है। विहिप के कार्यकारी अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि विहिप ने मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए अपना अभियान शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी दान दे रहे हैं
विहिप के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से भी मुलाकात की और मंदिर निर्माण के लिए दान के रूप में 1.21 लाख रुपए प्राप्त किए, जबकि राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी 1.51 लाख रुपए का योगदान दिया। एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपए, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो लाख रुपए का चेक सौंपा है। इसके अलावा, गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और झारखंड के राज्यपालों ने भी विहिप के प्रतिनिधिमंडलों को अपना योगदान दिया।

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने एक वीडियो मैसेज के जरिए राम मंदिर निर्माण के लिए दान देने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया- यह बहुत खुशी की बात है कि अयोध्या में हमारे श्री राम का भव्य मंदिर निर्माण शुरू हो गया है। अब योगदान की हमारी बारी है। मैंने शुरूआत की है। आशा है कि आप सब भी इस अभियान से जुड़ेंगे। जय श्री राम।

संत बोले- राम के लिए सब कुछ न्यौछावर 
रामनगरी के संतों ने भी मंदिर निर्माण के लिए दान देना शुरू कर दिया है। संतों का कहना है कि श्रीराम हमारे प्राण धन हैं और उनके लिए सर्वस्व न्यौछावर है। जन्मभूमि पर जिस मंदिर के लिए शताब्दियों से प्रतीक्षा होती रही, उसकी भव्यता में कोई कसर नहीं रहनी चाहिए। अनुमान लगाया जाता है कि मंदिर निर्माण के लिए अकेले रामनगरी के ही संतों का सहयोग एक करोड़ से ऊपर होगा।

Scroll to Top