भोपाल। राजधानी में 19 साल की दिव्यांग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। पीड़ित बोल और सुन नहीं पाती है। आरोपी की उम्र 53 साल है और वह सरकारी अस्पताल के वाहन का ड्राइवर है। आरोप है कि लड़की को रास्ते में अकेला देखकर उसका अपहरण किया। इसके बाद दुष्कर्म करके हनुमानगंज इलाके में छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पीड़ित लड़की से 2 महीने पहले पिपलानी इलाके में भी दुष्कर्म हुआ था।
कोलार पुलिस ने बताया कि लड़की का मंगलवार शाम बीमा कुंज इलाके से अपहरण कर लिया गया था। उसके पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। बुधवार दोपहर हनुमानगंज थाना पुलिस ने कोलार पुलिस से संपर्क किया और लड़की के बरामद होने की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़की शाम 7 बजे बहन के घर जाने के लिए कोलार के बीमा कुंज में खड़ी थी। इसी दौरान एक जीप वहां आकर रुकी। ड्राइवर ने खुद का नाम रफीक बताया और कहा कि वह उसे बहन के घर छोड़ देगा। दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे, लेकिन रफीक के कहने पर पीड़ित उसकी सरकारी जीप में बैठ गई। रास्ते में उसने उतरने का प्रयास किया, लेकिन गेट लॉक था। रफीक उसे शाहजहांनाबाद इलाके में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया।
दूसरे दिन बुधवार दोपहर आरोपी पीड़ित को हनुमानगंज इलाके में ले गया और वहां छोड़कर भागने लगा। लड़की ने लोगों से इशारे में मदद के लिए गुहार लगाई। लोगों ने पीछा करके रफीक को पकड़ लिया। आरोपी और लड़की को पुलिस को सौंप दिया। लड़की की बात समझने के लिए काउंसलर की मदद ली गई। देर रात पुलिस ने लड़की की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपहरण और रेप की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
पीड़ित दिव्यांग है। बोल-सुन नहीं सकती। इससे पहले भी उसके साथ दुष्कर्म हो चुका है। एक आरोपी इसी तरह रास्ते से उसे पिपलानी इलाके में ले गया था। रेप के बाद वह भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन लड़की ने उसे पकड़वा दिया था।