मुंबई। बॉलीवुड की बेबाक अभिनेत्री कंगना रानौत के पर्सनल बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया है। बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े को पुलिस ने कर्नाटक स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया है। हेगड़े पर एक शादी का झांसा देकर महिला के साथ रेप करने का आरोप लगा है। बॉडीगार्ड के खिलाफ केस दर्ज कराने वाली महिला ने बताया है कि कुमार हेगड़े ने उसके साथ धोखाधड़ी भी की है, महिला का आरोप है कि कुमार हेगड़े ने उससे 50 हजार रुपए भी लिए थे जो वापस नहीं किए हैं।
बॉडीगार्ड की गिरफ्तारी
पुलिस ने न्यूज एजेंसी को बताया कि -मुंबई पुलिस की एक टीम ने शनिवार को कुमार हेगड़े को मांड्या के हेगडाहल्ली से गिरफ्तार कर लिया है, कुमार पर आरोप लगाने वाली महिला का कहना था कि वो उसके संपर्क में नहीं था। जिस वजह से उसे पुलिस का सहारा लेना पड़ा। पीड़ित महिला ने मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में हेगड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
शादी का किया था वादा
30 साल की एक ब्यूटीशियन महिला ने बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े पर आरोप लगाया है कि उसने शादी का झांसा देकर उसका रेप किया है। एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता पिछले साल जून में एक फिल्म शूटिंग के दौरान कुमार हेगड़े से मिली थी। कुमार हेगड़े ने पहले शादी के लिए प्रपोज किया। जिसके बाद कुमार हेगड़े ने उससे लिव इन रिलेशनशिप में रहने के लिए कहा तो वह तैयार हो गई क्योंकि उसे इस बात की उम्मीद थी कि वह उससे शादी करेगा। वो पिछले आठ साल से एक दूसरे को जानते थे।
शारीरिक संबंध नहीं बनाना चाहती थी महिला
महिला ने कहा कि उसने शारीरिक संबंध से इनकार किया था लेकिन आरोपी ने उस पर दबाव डाला था। यही नहीं हेगड़े पर आरोप है कि उसने मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर 50 हजार रुपये मांगे थे क्योंकि उसे अपने घर जाना था। उसके बाद से वह उसके संपर्क में नहीं है।