नई दिल्ली। एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला ओलिंपिक मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा कल यानी सोमवार 9 अगस्त को शाम पांच बजे इंडिया वापस लौटेंगे। इसके अलावा हॉकी टीम भी कल ही वापस लौटेगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। एयरपोर्ट पर नीरज और हॉकी टीम का शानदार स्वागत किया जाएगा।
शनिवार को जीता था गोल्ड
शनिवार की शाम नीरज ने इतिहास रच दिया था। उन्होंने जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इसी के साथ उन्होंने 121 साल के सूखे को भी खत्म किया था। नीरज चोपड़ा से पहले तक कोई भी भारतीय एथलेटिक्स में मेडल नहीं जीत पाया था। इतना ही नहीं टीम इवेंट के अलावा ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले अभिनव बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड अपने नाम किया था।
जर्मनी को हराया था
वहीं बात की जाए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तो उसने भी ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन किया और जर्मनी जैसी मजबूत टीम को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 1980 के बाद यह पहला मौका है जब भारतीय हॉकी टीम को ओलिंपिक में कोई मेडल हासिल हुआ है। ओलिंपिक में मिला ब्रॉन्ज मेडल देश में दोबारा से हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन
टूर्नामेंट | पदक | वर्ष |
ओलिंपिक | स्वर्ण | 2021 |
एशियन खेल | स्वर्ण | 2018 |
राष्ट्रमंडल खेल | स्वर्ण | 2018 |
एशियन चैंपियनशिप | स्वर्ण | 2017 |
दक्षिण एशियाई खेल | स्वर्ण | 2016 |
विश्व जूनियर चैंपियनशिप | स्वर्ण | 2016 |
एशियन जूनियर चैंपियनशिप | रजत | 2016 |