Archery World Cup: Deepika's golden hat-trick, won three golds in a day

आर्चरी वर्ल्ड कप: दीपिका की गोल्डन हैट्रिक, एक दिन में जीते तीन स्वर्ण

लंदन। पेरिस में चल रहे आर्चरी के वर्ल्ड कप स्टेज 3 टूर्नामेंट में भारत ने रविवार को 3 गोल्ड मेडल जीते। टूर्नामेंट में देश के नाम अब तक 4 स्वर्ण पदक हो गए हैं। इससे पहले शनिवार को अभिषेक वर्मा ने कम्पाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। दीपिका कुमारी ने एक दिन में देश को 3 गोल्ड दिलाए। पहले उन्होंने पति अतनु दास के साथ मिलकर मिक्स्ड इवेंट में गोल्ड पर निशाना साधा। यह पति-पत्नी की जोड़ी ओलिंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। दोनों से मेडल की उम्मीद पहले ही की जा रही थी। दीपिका के नेतृत्व में ही भारतीय महिला रिकर्व टीम ने गोल्ड जीता। भारतीय टीम में दीपिका के अलावा अंकिता भगत और कोमोलिका बारी शामिल रहीं। टीम इवेंट में भारत ने विश्व कप के तीसरे चरण में मेक्सिको को 5-1 के साथ आसान शिकस्त और इस दौरान एक भी सेट नहीं गंवाया। टीम पिछले हते ओलंपिक क्वालीफाई करने से चूक गयी थी और इस स्वर्ण पदक से उसने इस निराशा को कम करने की कोशिश की।

दीपिका का व्यक्तिगत इवेंट में भी गोल्ड मेडल

दिन खत्म होने तक दीपिका ने देश को व्यक्तिगत इवेंट में भी गोल्ड मेडल दिलाया। इसमें उन्होंने रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से शिकस्त दी। एक दिन में तीन गोल्ड जीतने वाली दीपिका से टोक्यो ओलिंपिक में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है। इस साल यह विश्व कप में दीपिका की टीम का लगातार दूसरा और कुल मिलाकर छठा (शंघाई 2011, मेडेलिन 2013, रोक्लॉ 2013, रोक्लॉ 2014, ग्वाटेमाला सिटी 2021) स्वर्ण पदक है। हर बार टीम में दीपिका शामिल थी।

पति-पत्नी ने पहली बार जोड़ी के रूप में गोल्ड जीता

अतनु दास और दीपिका कुमारी ने पहली बार पति-पत्नी के रूप में किसी इवेंट का फाइनल जीता है। यह बात खुद अतनु दास ने कही। वर्ल्ड कप के मिक्स्ड इवेंट में इस भारतीय जोड़ी ने नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर को 5-3 से शिकस्त दी। मुकाबले में एक समय भारतीय जोड़ी 0-2 से पिछड़ रही थी। तभी दीपिका और अतनु ने शानदार वापसी करते हुए गोल्ड जीता।

30 जून को मैरिज एनिवर्सरी मनाएंगे अतनु-दीपिका

अतनु और दीपिका ने पिछले साल ही शादी की। 30 जून को उनकी पहली मैरिज एनिवर्सरी आने वाली है। यह गोल्ड एक तरह से इस जोड़ी के लिए शादी का तोहफा है। दीपिका ने मैच जीतने के बाद कहा कि ऐसा लगता है, जैसे हम एक-दूसरे के लिए ही बने हैं।

Scroll to Top