Actress Urmila Matondkar will go to Maharashtra Legislative Council from Governor's quota

एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर राज्यपाल कोटे से महाराष्ट्र विधान परिषद जाएंगी

मुंबई। शिवसेना की सिफारिश के बाद एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर राज्यपाल कोटे से महाराष्ट्र विधान परिषद जाएंगी। गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार ने राज्यपाल कोटे से राज्य की विधान परिषद में मनोनयन के लिए 12 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी थी। उर्मिला मातोंडकर मुंबई नॉर्थ से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

कहा जा रहा है कि महा विकास अघाड़ी सरकार गवर्नर भगत सिंह कोशयारी के पास 12 नामों को सूची भेजगी। यह सूची इन सदस्यों को राज्य के ऊपरी सदन में भेजने के संबंध में है। यह भी कहा जा रहा है कि उर्मिला मातोंडकर को जल्दी ही पार्टी का प्रवक्ता भी बनाया जा सकता है। इससे पहले यह चर्चा थी कि अभिनेत्री का नाम कांग्रेस की तरफ से विधान परिषद के लिए भेजा जाएगा। हालांकि शिवसेना के नेताओं ने साफ किया है कि उर्मिला मातोंडकर ने पिछले ही साल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों ने कहा कि शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के उम्मीदवारों के नामों को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली है।  उम्मीदवारों के नामों को राज्यपाल कोटे से विधान पार्षद मनोनीत करने के लिए राज्यपाल को भेजा जाएग।”राज्यपाल कोटे से मनोनीत 12 विधान पार्षदों का कार्यकाल इस साल जून में खत्म हो गया था। महाराष्ट्र विधान परिषद में सदस्यों की कुल संख्या 78 है।

उर्मिला मातोंडकर के अलावा विधान परिषद के लिए एकनाथ खडसे और किसान नेता राजू शेट्टी का नाम भी तय माना जा रहा है। बता दें कि एकनाथ खडसे ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़ा और एनसीपी का हाथ थामा है। इनके अलावा शिवाजीराव गजरे, उत्तमाराव जंकार और आनंद शिंदे का भी विधान परिषद में जाना करीब-करीब तय माना जा रहा है।

Scroll to Top