चर्चित वेबसीरीज आश्रम की दूसरी कड़ी का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हो गया। निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा की यह वेबसीरीज एमएक्स प्लेयर पर धूम मचा रही है। हालांकि कई हिंदू संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सीरीज संत समाज को गलत ढंग से दिखाती है। बॉबी देओल, अदिति पोहनकर, चंदन रॉय सान्याल, दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका, त्रिधा चौधरी, तुषार पांडे इसमें मुख्य भूमिकाओं में हैं। जानकारों के अनुसार आश्रम-2 में किरदारों के नए-नए रहस्य खुलेंगे और यह पहली कड़ी से अधिक डार्क है।
इस सीरीज में काशीपुर वाले बाबा निराला सिंह (बॉबी देओल) की कहानी है। जो भगवान के नाम पर लोगों को कैसे ठगता और मूर्ख बनाता है, यह दिखाया गया है। उनके साथ यहां चंदन रॉय सान्याल भी नेगेटिव रोल में हैं। आश्रम-2 में मुख्य रूप से यह दिखाया गया है कि यहां श्रद्धा के साथ आने वाली महिलाओं के साथ कैसा बर्ताव होता है। रक्षक से भक्षक बना निराला सिंह उन पर कैसी बुरी नजर रखता है। उनसे गलत काम करता है।