वाशिंगटन। अमेरिका में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प को राष्ट्रपति चुनाव हार के बाद पत्नी मेलानिया को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। ट्रम्प के पुराने सहयोगियों की मानें तो मेलानिया व्हाइट हाउस से निकलते ही ट्रम्प को तलाक दे देंगी।
50 साल की मेलानिया और 74 साल के डोनाल्ड ट्रम्प के बीच अफेयर की शुरूआत 1998 में हुई थी। डेली मेल के अनुसार, ट्रम्प के पुराने सहयोगी ओमारोसा मानिगॉल्ट न्यूमैन की ओर से यह दावा किया गया है कि चुनाव में हार के बाद मेलानिया डोनाल्ड ट्रम्प का हाथ छोड़ सकती हैं।
न्यूमैन ने कहा कि मेलानिया पलों को गिन रही हैं कि कब ट्रम्प व्हाइट हाउस से बाहर आएंगे और वो तलाक दे देंगी। राष्ट्रपति ट्रम्प ने जब अपनी दूसरी पत्नी मार्ला मेपल्स को तलाक दिया था तब उसी वक्त एक एग्रीमेंट किया था कि मार्ला किसी भी मीडिया को इंटरव्यू देने या कोई किताब पब्लिश नहीं करेंगी।
ओमारोसा ने यहां तक दावा किया कि 15 साल पुरानी शादी को मेलानिया ने तोड़ दिया है। हालांकि मेलानिया ने सार्वजनिक तौर पर चुनाव के मामले में कुछ भी नहीं बोला है। उन्होंने निजी तौर पर अपना विचार दिया है। उन्होंने कहा कि मेलानिया ट्रम्प से बदला लेने के लिए अब कोई रास्ता खोज रही हैं।
मेलानिया ट्रम्प ने कभी ट्रम्प से शादी के लिए इंकार किया था
मेलानिया ट्रम्प का जन्म 26 अप्रैल,1970 में स्लोवेनिया के नोवो मेस्टो में हुआ। उनके पिता एक कार डीलर थे, जबकि उनकी मां एक डिजाइनर थी। मेलानिया एक बहन और भाई (सौतेले) में सबसे बड़ी हैं। साल 1996 में न्यूयॉर्क में एक फैशन पार्टी के दौरान मेलानिया की डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात हुई, जहां मेलानिया उन्हें एक नजर में ही पसंद आ गई। शुरुआत में तो मेलानिया ने डोनाल्ड ट्रम्प से रिश्ते के लिए इंकार कर दिया, लेकिन बाद में उन्होंने साल 2005 ट्रम्प से शादी कर ली। जिसके बाद उन्होंने साल 2006 में ट्रम्प की पांचवी संतान बैरन विलियम ट्रम्प को जन्म दिया।
डोनाल्ड ट्रम्प का जन्म 14 जून, 1946 को न्यूयार्क सिटी के क्वींस हुआ था। ये प्रेस्बिटेरियन ईसाई धर्म को मानने वाले हैं। ट्रम्प अपने 5 भाई बहनों में एक थे। ट्रम्प ने तीन शादियां की, जिसमें पहली शादी इवाना (मॉडल) से साल 1977 में हुई, जो 1991 तक चली। इसके बाद 1993 में मार्ला (एक्ट्रेस) से शादी कर 1999 में तलाक ले लिया। इसके बाद 2005 में मेलानिया (मॉडल) से शादी की है। वहीं, 1981 को जन्मी इवांका अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पहली पत्नी इवाना की बेटी हैं।
ट्रम्प और इवाना का साल 1991 में जब तलाक हुआ, जब इवांका सिर्फ 9 साल की थीं। इवांका के कुल 4 भाई-बहन हैं। इनमें दो भाई, एक बहन और एक भाई (डोनाल्ड ट्रम्प की दूसरी पत्नी से)। इवांका ने साल 2009 में यहूदी धर्म अपना कर जरेड कुशनर से शादी कर ली। इवांका तीन बच्चों की मां हैं।
राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन ने ट्रम्प को करारी शिकस्त दी
राष्ट्रपति पद की दावेदारी करने वाले ट्रम्प को डेमोक्रेटिक के उम्मीदवार जो बाइडन ने करारी शिकस्त दी है। इस हार को स्वीकार करने से ट्रम्प मुकर रहे हैं। उन्होंने बाइडन की जीत को गलत बताया है। बाइडन द्वारा जीत का दावा किए जाने के 5 घंटे बाद ट्रम्प ने ट्वीट किया और चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। यह भी दावा किया है कि चुनाव में उन्हें 7 करोड़ 10 लाख वैध वोट मिले हैं और जीत उनकी हुई है।